बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग जोशीमठ में नगर पालिका के कूड़ा डंपिंग जोन के पास आज सुबह करीब 6 बजे बड़े-बड़े बोल्डर आने से मार्ग बंद हो गया है।
सड़क निर्माण का कार्य कर रही कंपनी एसएससी कंपनी की मशीनें दोनों तरफ से सड़क खोलने के कार्य कर रही है। लेकिन करीब 10:30 बजे मलबा और अधिक आ गया और लगभग 30 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गयी, जिससे आज सड़क खुलने की कोई संभावना नहीं है।
दोनों ओर से वाहन और बदरीनाथ-हेमकुण्ड साहब आने-जाने वाले यात्री फंसे हुए है। वहीं कल बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव होना है और पोलिंग पार्टियां भी मतदान स्थलों तक पहुंचाने की चुनौती बढ़ गयी है। लोग वैकल्पिक मार्ग से जोशीमठ बाजार की तरफ और जोशीमठ से दूसरी तरफ पहुंचने का जोखिम भी उठा रहे है क्योंकि वैकल्पिक मार्ग बहुत चुनौतीपूर्ण है।
सड़क पर मलबा इतना अधिक है कि अगले दो दिन तक सड़क खुलने की संभावना नहीं दिख रही है। हालांकि सीमा सड़क संगठन और सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर रही कंपनी किस तरह से मार्ग को खोलने में तत्परता दिखाती है ये देखने वाली बात होगी। उपचुनाव होने से शासन-प्रशासन के लिए भी चुनौती बढ़ गयी है।