औली डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाने की मांग, विश्वप्रसिद्ध विंटर डेस्टिनेशन औली को बचाने के लिए आंदोलनकारियों का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा

सेव औली मुहिम के तहत औली में स्थानीय लोग, स्कीइंग खिलाड़ी, पर्यटन व्यवसायी, एडवेंचर स्पोर्ट से जुड़े लोग औली बचाने को लेकर धरने पर बैठे हुए है। आज इनके धरने को चौथा दिन है और कड़ाके की ठंड में दिन रात आंदोलनकारी धरने पर टिके हुए है।
आज सेव औली मुहिम के तहत चल रहा धरना चौथे दिन  गढ़वाल मंडल विकास निगम निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौर एवं बीकेटीसी के उपाध्यक्ष श्री ऋषि प्रसाद सती जी धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात की।
बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती द्वारा आंदोलन कर रहे लोगों से गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट से फोन पर वार्ता हुई। बातचीत के दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने फरवरी माह में जोशीमठ आने और औली के विकास की कार्ययोजना पर चर्चा करने की बात कही। साथ ही उन्होंने युवाओं की मांगों को लेकर तत्काल संबंधित अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया।
वहीं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट ने भी पर्यटन मंत्री एवं पर्यटन सचिव से इस विषय पर बात करने की सहमति जताई। आंदोलनकारी का नेतृत्व कर रहे अंतरराष्ट्रीय स्कियर्स विवेक पंवार ने जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौर के समक्ष औली से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे और अब तक की खराब व्यवस्था पर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने गुलमर्ग की तर्ज पर “औली डेवलपमेंट अथॉरिटी” के गठन की मांग रखी, जो औली के स्नो-मेकिंग सिस्टम, आइस स्केटिंग रिंग, यातायात व्यवस्था सहित समग्र विकास की जिम्मेदारी संभाले।
इस दौरान पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम के निर्माण विभाग एवं आंदोलनकारियों द्वारा संयुक्त रूप से आइस स्केटिंग रिंग का निरीक्षण किया गया और इसमें मौजूद कमियों को दूर करने पर सहमति बनी। आज की वार्ता को सभी पक्षों ने सकारात्मक बताया।
हालांकि आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक संबंधित विभागों की जवाबदेही तय नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share

You cannot copy content of this page