तपोवन विष्णुगाड हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की कार्यदायी कंपनी एनटीपीसी के रविग्राम स्थित टाउनशिप में 79वां स्वतन्त्रता दिवस की वर्षगांठ बड़ी धूम धाम से मनाया गया। परियोजना के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला द्वारा ध्वज प्राचीर पर तिरंगा फहराया गया तथा कंपनी की सुरक्षा इकाई सीआईएसएफ़ के जवानों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी।
सम्मान गार्ड के निरीक्षण के पश्चात परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला द्वारा सभी कर्मचारियों को संबोधित किया गया। अपने सम्बोधन में अजय कुमार शुक्ला ने परियोजना में किए जा रहे कार्यों में सुरक्षा का विशेष ध्यान देने का आवाहन किया साथ ही साथ सभी कर्मचारियों को कंधे से कंधा मिला कर परियोजना निर्माण के लक्ष्य प्राप्ति की ओर आगे बढने हेतु प्रोत्साहित किया।
अजय कुमार शुक्ला एनटीपीसी एवं तपोवन विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना की उपलब्धियों को सबके सम्मुख रखा एवं सीआईएसएफ़ सहित सभी सम्बद्ध संस्थाओं का इस पावन अवसर पर धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
उसके बाद कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख ने सभी विभागाध्यक्ष्यों के साथ मंच पर उपस्थित होकर परियोजना के उत्कृष्ट कर्मचारियों एवं हेल्थ चैम्पियन अवार्ड के विजेताओं को सम्मानित किया तथा सभी कर्मचारियों के द्वारा एनटीपीसी टाउनशिप में तिरंगा यात्रा निकाली गयी। इस तिरंगा यात्रा में भारत माता की जय के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों एवं सभी सम्बद्ध संस्थाओं में मिष्ठान्न वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।