रामलला प्राण प्रतिष्ठाः चमोली जिले में उत्साह का माहौल, हो रहे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

गोपेश्वर/देवाल/पोखरी (चमोली)।  अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर चमोली जिला वासियों में बडा उत्साह देखने को मिल रहा है। जनपद के सभी मंदिरों को फूल मालाओं और लड़ियों से सजाया गया है। जगह-जगह विष्णु पुराण, सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जा रहा है।

शनिवार को जोशीमठ ब्लॉक के अनीमठ स्थित बृद्ध बद्री में सांस्कृतिक महोत्सव के तौर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें अनीमठ की महिला मंगल दल की महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और भजन कीर्तन किया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि हम इस पल के साक्षी बन रहे जब अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। यह हमारे लिए सौभाग्य का विषय है। इस दौरान प्रधान अम्मा देवी, महिला  मंगल  अध्यक्ष रेखा देवी, बबीता, रश्मि, अनुषा, वीपीडीओ अंजना नेगी सहित गांव की महिलाएं मौजूद रही, वहीं नगर पंचायत पीपलकोटी की ओर से अगथला के पांडव मंदिर में भजन कीर्तन किया और सफाई अभियान चलाया गया और नगर पंचायत नन्दप्रयाग द्वारा लंगासू के पास कालेश्वर भैरवनाथ मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत पोखरी के महर्षि वाल्मीकि मंदिर में सफाई अभियान चलाया गया।

उधर देवाल में 22 जनवरी को अयोध्या में रामजन्म  भूमि मंदिर  की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर में शिव मंदिर में सुन्दरकाण्ड और  भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया है कि अराध्य श्रीराम के नव निर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर सारे देश की भांति विकास खण्ड देवाल मे भी पौराणिक मंदिर देवाल मे श्रीराम भक्ति तथा सुन्दर काण्ड का आयोजन किया जा रहा है।

इधर चमोली जिले के पोखरी नागनाथ मंदिर में शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा अयोध्या में भगवान श्री राम की विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा तक सभी मंदिरों में वृहत रूप में स्वच्छता अभियान और विशेष पूजन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा यह हमारे लिए एक गर्व के क्षण है पांच सौ वर्षों के बाद भगवान राम का मन्दिर बना है। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों से मन्दिरों में साफ-सफाई की अपील की। इस अवसर पर निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत, नगर मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र राणा, बीरेंद्र पाल भंडारी, जितेन्द्र सती, दिगपाल नेगी, अवधेश रावत, मातवर रावत, प्रदीप नेगी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ललित मिश्रा, वत्सला सती, पुष्पा चौधरी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share

You cannot copy content of this page