भारत के औली में पहली बार “नाइट स्कीइंग” का सफल आयोजन

विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में आयोजित हुई नाइट स्कीइंग ने एक नया इतिहास रच दिया। आज तक औली में केवल दिन की रोशनी में चमकने वाली सफेद ढलानों पर स्कीइंग होती थी आज पहली बार दूधिया रोशनी के बीच ‘नाइट स्कीइंग’ का रोमांच वहां मौजूद लोगों के साथ ही देश दुनियां को देखने को मिला।
विंटर गेम एसोसिएशन उत्तराखंड द्वारा आयोजित इस अनूठी प्रतियोगिता ने साबित कर दिया कि उत्तराखंड का यह पर्यटन केंद्र अब यूरोप और अमेरिका के स्की-रिसॉर्ट्स को टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

दूधिया रोशनी में चमकी बर्फ की ढलानें आमतौर पर विदेशों में होने वाले इस तरह के ‘नाइट इवेंट्स’ को करता है। इसी के तहत भारत में इस इवेंट को पहली बार आयोजित किया गया। कड़ाके की ठंड और ऊंचाइयों पर जमी बर्फ के बीच जब फ्लडलाइट्स जलाई गईं, तो पूरा नजारा किसी जादुई दुनियां जैसा नजर आने लगा। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के स्थानीय एथलीटों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए स्कीइंग खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। रात के अंधेरे में स्की पर सवार होकर ढलानों से नीचे उतरते खिलाड़ियों का कौशल देख पर्यटक और आयोजक बहुत खुश और आनंदित हुए।
विंटर गेम एसोसिएशन के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल, सहसचिव अजय भट्ट, विजयंत रावत, विक्रम फर्स्वाण, विजय सती ने इस ऐतिहासिक आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा औली में दिन के समय कई बार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हुई हैं, लेकिन ‘नाइट स्कीइंग’ का यह पहला अनुभव है। विदेशों में नाइट स्कीइंग एक बड़ा आकर्षण होता है और भारत में इसकी शुरुआत कर हमारा मुख्य मकसद औली को वैश्विक स्तर पर प्रमोट करना है। हम दुनिया को बताना चाहते हैं कि औली में अब रात को भी रोमांच थमेगा नहीं।”
स्कीइंग खिलाडी प्रीति डिमरी, वंदना पंवार, विकेश डिमरी, प्रदीप मंद्रवाल, विजय रतूडी का कहना है कि ‘नाइट स्कीइंग’ की शुरुआत से उत्तराखंड में ‘नाइट लाइफ टूरिज्म’ को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल पर्यटकों के रुकने की अवधि बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय होटल व्यवसायियों, होमस्टे और गाइडों को भी इसका लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
विंटर गेम एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षमणि व्यास का कहना है कि हमारा लक्ष्य औली को केवल सीजनल डेस्टिनेशन न रखकर उसे एक पूर्णकालिक साहसिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। कहा कि भारत के किसी भी स्कीइंग सेंटर पर पहली बार आयोजित हुआ नाइट इवेंट अब दुनिया भर के लिए एक नई पहचान बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share

You cannot copy content of this page