जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी को पद से हटाये जाने के विरोध में कांग्रेस ने फूंका सीएम व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला

गोपेश्वर (चमोली)। जिला पंचायत चमोली की अध्यक्ष रजनी भंडारी को पद से हटाये जाने के विरोध में गुरूवार को कांग्रेस पार्टी चमोली की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का पुतला दहन किया गया।

बता दें की जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली पर नंदा देवी राजजात में हुए कार्यों की निविदा में अनियमिता बरते जाने की शिकायत पर उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। सचिव पंचायती राज हरिश चंद्र सेमवाल की ओर से बुधवार की देर सांय को जिला पंचायत अध्यक्ष पद से हटाये जाने के आदेश जारी किये गये थे। जिससे गुस्साये कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में प्रदर्शन कर तिराहे पर मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन किया गया।

कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सिंह सजवाण तथा नगराध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी दमनकारी नीतियों और सत्ता के मद में चूर होकर बार-बार जिला पंचायत अध्यक्ष के विरूद्ध अन्याय पूर्ण कार्रवाई कर रहे है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी जिला पंचायत अध्यक्ष को पद से हटाया गया है। जिस पर न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें बहाल किया गया था और अब फिर से सरकार ने उन्हें पद से हटा दिया है। जबकि इसी शिकायत पर की जांच पर दो आईएएस अधिकारियों की ओर से उन्हें दोषी करार नहीं दिया गया था। अब एक बार फिर से भाजपा सरकार जनपद में कांग्रेस पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला कर अनाप-शनाप कार्रवाई करने में लगी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस कृत्य की भर्त्सना करती है और इसका पुरजोर विरोध करती रहेंगी। इस मौके नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट, ब्लाक अध्यक्ष गोविंद सजवांण, आनंद सिंह पंवार, जिलाध्यक्ष महिला ऊषा रावत, जिला उपाध्यक्ष धीरेन्द्र गरोड़िया, भगत कनियाल संदीप झिंक्वांण,  ओमप्रकाश नेगी, रवीन्द्र नेगी, सूर्यप्रकाश पुरोहित, व्यापार प्रदेश महामंत्री जयवीर नेगी, गोपाल रावत, प्रताप लाल,, बसन्ती देवी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share

You cannot copy content of this page