सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योर्तिमठ के अंडर 14 बालक वर्ग और बालिका वर्ग की टीम ने टेबल टेनिस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान के चूरू के रतनागढ़ में 10 गोल्ड मेडल हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
इस टीम के सदस्य बालिका वर्ग में अंशिका नेगी, खुशी नेगी आदिती नेगी, दिया सैनी, जोया, बालक वर्ग में अनमोल, समीर, सिद्धार्थ, शौर्य, प्रियांशु नेगी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर सीमांत क्षेत्र ज्योर्तिमठ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विगत दो वर्षों से खेल प्रशिक्षक विजय कुमार के बेहतरीन मार्गदर्शन में प्रतिभावान खिलाड़ी खेल का प्रशिक्षण ले रहे है जिसकी बदौलत इन खिलाड़ियों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए क्वालीफाई किया है। जिससे संपूर्ण पैनखंडा क्षेत्र में खुशी की लहर है। आज अपने गृह नगर ज्योर्तिमठ में इन विजयी प्रतिभागियों का ज्योतिर्मठ नगरवासियों के द्वारा नवोदित खिलाड़ियों का नागरिक अभिनंदन किया गया। ज्योतिर्मठ के टीसीपी चौराहा से मारवाड़ी चौक होते हुए सरस्वती विद्या मंदिर तक विजय रैली निकाली गई। जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों ने विद्यालय में उपस्थित होकर खिलाड़ियों को अपना शुभाशीष प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल के खिलाड़ियों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया और कोच विजय कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त आचार्य गणों को इस श्रेष्ठ उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के युग में खेलों के माध्यम से भी अपना बेहतरीन करियर बना सकते है और सुदूरवर्ती क्षेत्र के हमारे नौनिहालों ने जो उपलब्धि हासिल की है उससे समस्त नगरवासी अपने आप को गौरवांवित महसूस कर रहे है। खेलों के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए नागरिकों के द्वारा इस प्रकार का अभिवादन प्रशंसनीय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला ने बताया की विद्यालय विविध क्षेत्रों में श्रेष्ठ उपलब्धियां हासिल कर रहा है। विद्यालय में स्थापित अटल लैब ने नवाचार के रूप में अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से पूरे देश की टॉप 30 इनोवेशन लैव में अपना स्थान बनाया है। अब ज्योर्तिमठ के छात्रों को देश की राजधानी दिल्ली में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा। इन उपलब्धियां के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य ने लैब इंचार्ज प्रकाश पवार एवं समस्त आचार्यों को बधाई दी है। तथा छात्रों के प्रोत्साहन के लिए नगर के सभी गणमान्य नागरिकों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया है।