महाविद्यालय जोशीमठ में नशा मुक्ति शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान हुआ आयोजित

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में स्वीप इवेंट प्रकोष्ठ एवं IQAC के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 22 अगस्त 2026 को छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर में नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
अभियान में महाविद्यालय के 53 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। साथ ही महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज युवा पीढ़ी के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसका प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा नशे से मुक्त रहेंगे तो वे अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। नशामुक्ति के लिए सामूहिक संकल्प और हस्ताक्षर अभियान को महाविद्यालय परिवार ने सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। यह पहल देशव्यापी नशा-मुक्ति प्रयासों की भावना के अनुरूप भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share

You cannot copy content of this page