पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर जोशीमठ महाविद्यालय में आयोजित हुई भाषण प्रतियोगिता, निधि ने किया प्रथम स्थान हासिल

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जोशीमठ में आज महान स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रनिर्माता एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व, कृतित्व, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराना रहा।
भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने अपने भाषणों के माध्यम से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान तथा उत्तराखंड के प्रति उनके विशेष योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. किशोरी लाल रंवाटा, असिस्टेंट प्रोफेसर, हिंदी; राजेंद्र सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान तथा डॉ. विवेक रावत, असिस्टेंट प्रोफेसर, रसायन विज्ञान शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विषय-वस्तु ज्ञान, प्रस्तुतीकरण, भाषा, तर्क एवं अभिव्यक्ति के आधार पर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा निधि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी प्रथम सेमेस्टर की ज्योति द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बीए तृतीय सेमेस्टर की प्रभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ईशा ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहकर उनके विचारों और आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बननी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाषण प्रतियोगिता का आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं ऐतिहासिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share

You cannot copy content of this page