सीमांत नीती घाटी और आसपास के क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के बाद नदी, नाले उफान पर है। आज सांय के समय घाटी के नमक नाले में बादल फटने के बाद भारी नुकसान की खबर है। जिसमें सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला 40 मीटर वैली ब्रिज सेकेंडों में बह गया।
जिससे सीमा क्षेत्र को 1 दर्जन से भी अधिक गांवों का संपर्क कट गया है। इस आपदा में सीमा को जोड़ने वाली सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है साथ 1 वाहन और 1 बीआरओ कर्मी भी इस आपदा में लापता हो गया। गनीमत रही जिस समय ये आपदा आई उस समय सड़क पर ज्यादा वाहनों की आवाजाही नहीं थी। घटना की सूचना के बाद प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल पहुंच गई है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। भारत–तिब्बत सीमा क्षेत्र के करीब हुई इस घटना के बाद से आवाजाही ठप हो गई है साथ ही सावन के महीनें में लगातार घाटी में स्थिति टिम्मरसैण की यात्रा भी इसी मार्ग से होती है। घटना के बाद से घाटी का संपर्क शेष क्षेत्र क्षेत्र से कट गया है। पुल बहने और सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद सेना और आईटीबीपी की आवाजाही भी रुक गई है। हालांकि इस नाले में पूर्व में भी कई बार बादल फटने की घटना घट चुकी है। शासन–प्रशासन घटना स्थल पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन करने में जुट गया है।