विकासखंड ज्योतिर्मठ के किमाणा गांव में बीते दिनों मूसलाधार बारिश से हुए भू–धंसाव से उत्पन्न समस्या को लेकर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डू लाल व ग्रामीण महामंत्री प्रदीप बिष्ट ने चमोली के प्रभारी मंत्री भरत चौधरी से मुलाकात कर भू–धंसाव प्रभावितों की समस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने प्रभारी मंत्री को किमाणा गांव में हुए भू–धंसाव से ग्रामीणों को हो रही परेशानियों और नुकसान की जानकारी देते हुए तत्काल राहत एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री भरत चौधरी ने जिलाधिकारी चमोली को किमाणा गांव में हुए भू–धंसाव से हुए नुकसान का जायजा लेने तथा ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि किमाणा गांव में भू–धंसाव के कारण हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित ग्रामीणों को हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मामले में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डू लाल और ग्रामीण महामंत्री प्रदीप बिष्ट ने प्रभारी मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाही के निर्देश दिए जाने से प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।