राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ चमोली में नवप्रवेशी छात्र- छात्राओं के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ0 पंकज कुमार प्राचार्य ने इस समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र–छात्राओं ल का तिलक एवं पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के फ़लक के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग, कर्मचारीगण एवं नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का इस दीक्षारंभ समारोह में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रेरणा दी गई कि आज का दिन सभी विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। महाविद्यालय में आपका प्रवेश केवल एक नए शैक्षणिक सत्र का आरम्भ नहीं, बल्कि ज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, संस्कार और जीवन निर्माण की एक नई यात्रा का शुभारम्भ है।
हमारा महाविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का संस्थान नहीं है, बल्कि यह ऐसे उत्तरदायी, नैतिक और सक्षम नागरिक तैयार करने का केंद्र है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न सुविधाओं, अनुशासन, शोध, नवाचार, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से परिचित कराना है।
आपसे मेरा आग्रह है कि आप नियमित अध्ययन करें, समय का सदुपयोग करें, अपने शिक्षकों से निरंतर संवाद बनाए रखें तथा पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाएँ। अपने व्यक्तित्व में अनुशासन, विनम्रता, ईमानदारी और सेवा-भाव जैसे गुणों का विकास करें, क्योंकि यही गुण आपको जीवन में सफल बनाएँगे।
आज से यह महाविद्यालय आपका अपना परिवार है। यहाँ के सभी शिक्षक और कर्मचारी आपके मार्गदर्शक हैं। यदि आपको किसी भी प्रकार की शैक्षणिक अथव व्यक्तिगत समस्या का सामना करना पड़े, तो निःसंकोच, प्राचार्य, शिक्षकों और मार्गदर्शकों से संपर्क करें।
इस अवसर पर प्राचार्य द्वारा सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 नवीन पंत जी द्वारा किया गया। समारोह में नवप्रवेशी छात्रों को महाविद्यालय के समस्त संकाय एवं महाविद्यालय के विभिन्न पाठ्यसहगामी प्रकोष्ठों के प्रभारियों एवं शिक्षण गतिविधियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकवर्ग, कर्मचारीवर्ग उपस्थित रहे।